*दीपावली पर निकाय क्षेत्रों में विशेष सफाई, रोशनी और बाजारों की सजावट के निर्देश : जिला कलेक्टर*
*डीग सहित छह नगरीय निकायों की व्यवस्थाओं की समीक्षा, 261 लंबित बैंक आवेदनों का निस्तारण करने और पार्कों के टेंडर लगाने पर जोर*
नगर/डीग, 15 अक्टूबर। जिला कलक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वायत्त शासन विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर नगर परिषद डीग सहित कुम्हेर, बृजनगर, कामां, सीकरी और पहाड़ी नगर निकायों में सफाई, कचरा संग्रहण, रोशनी, विकास कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने, सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट सुनिश्चित करने तथा दीपावली के मद्देनजर विशेष सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बाजारों की सजावट के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने दीपावली पर व्यावसायिक क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने, रात्रिकालीन स्वीपिंग शुरू करने तथा आवश्यकता के अनुसार सफाई कार्मिकों की संख्या बढ़ाने को कहा। उन्होंने मुख्य बाजारों एवं चौराहों को सजाने, मुख्य गलियों में झालर लगवाने, सड़कों की मरम्मत कराने, नालियों की मरम्मत तथा पर्याप्त एलईडी लाइट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के वार्डों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा।
बैठक में ई-लाइब्रेरी, वेस्ट टू वेल्थ पार्क, ड्रेनेज एवं सीवरेज कार्यों की भी समीक्षा की गई। बृजनगर के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि वहां 10 कंप्यूटर के साथ ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन हो चुका है। वेस्ट टू वेल्थ पार्क के संबंध में बताया गया कि डीग में कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कुम्हेर में कार्य जारी है। इको शेल्टर के लिए ऑनलाइन निविदा प्रक्रिया प्रगतिरत बताई गई। जिला कलक्टर ने पार्कों के विकास के लिए निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाने तथा नगरीय क्षेत्रों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
बैठक में निकाय क्षेत्रों में विकसित किए जाने योग्य पार्कों की भी जानकारी दी गई। डीग में महाराजा बिजेंद्र सिंह पार्क और नेहरू पार्क, कुम्हेर में महारानी किशोरी पार्क, बृजनगर में खोड़की पार्क, कामां में गांधी पार्क, सीकरी में पुराने थाने के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क तथा पहाड़ी में केसरी सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित पार्क को विकसित करने योग्य स्थलों के रूप में सूचीबद्ध किया गया।
जिला कलक्टर ने पीएम सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए बैंक स्तर पर लंबित 261 आवेदनों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने योजना की प्रगति बढ़ाने तथा पीएम आवास योजना की भी समीक्षा की। इसके साथ ही पार्क में ‘पांच गौरव’ के तहत विकसित किए जाने वाले कार्यों तथा डीग के फूड हब के निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी नगरीय निकायों में विकास कार्यों की नियमित निगरानी, संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।