👉#प्रभारी मंत्री ने रौजा मंडी में धान क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
--#किसानों से संवाद कर जानी समस्याएं, 220 क्रय केंद्रों पर अब तक 23,774 मीट्रिक टन धान की हुई खरीद
शाहजहांपुर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग नरेंद्र कश्यप ने मंगलवार को रौजा मंडी परिसर में संचालित विभिन्न धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्रय केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, धान खरीद की प्रगति और किसानों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जनपद में विभिन्न क्रय एजेंसियों के कुल 220 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो सभी क्रियाशील हैं। जनपद को आवंटित 3.20 लाख मीट्रिक टन धान खरीद के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 3,340 किसानों से 23,774.409 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। रौजा मंडी परिसर में विभिन्न एजेंसियों के 19 धान क्रय केंद्र संचालित हैं।प्रभारी मंत्री ने क्रय केंद्रों पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर धान बिक्री में आ रही समस्याओं और भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि शुरुआत में पंजीकरण सत्यापन में कुछ परेशानी आ रही थी, जिसका अब समाधान हो गया है। वर्तमान में पंजीकरण और धान बिक्री में कोई समस्या नहीं है। उन्हें पीएफएमएस के माध्यम से उपज का लाभकारी मूल्य मिल रहा है।
निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्रों पर शासनादेश के अनुरूप आवश्यक उपकरण और अभिलेख व्यवस्थित मिले। किसानों की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाएं भी संतोषजनक पाई गईं। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी धान क्रय केंद्रों का नियमित औचक निरीक्षण किया जाए। किसानों को सरकारी समर्थन मूल्य पर धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य समय से उपलब्ध कराया जाए और किसी भी स्थिति में उन्हें औने-पौने दामों पर धान बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/जिला खरीद अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, सचिव कृषि उत्पादन मंडी समिति रौजा सहित विभिन्न क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।