'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के पांचवें दिन ई-रिक्शा बने नशामुक्ति के संदेशवाहक, नुक्कड़ नाटकों से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूक किए गए नागरिक
मुरैना/ पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे विशेष जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के तहत रविवार को अभियान के पांचवें दिन व्यापक स्तर पर पुलिस के द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के मार्गदर्शन में जिलेभर में रैली, नुक्कड़ नाटक और ई-रिक्शा के माध्यम से लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया। बताया गया कि अभियान के दौरान शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ई-रिक्शा पर लगाए गए पोस्टरों और ध्वनि संदेशों के जरिए लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां निकाली गईं, जिनमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से कलाकारों ने नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक नुकसान का प्रभावशाली मंचन किया। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने की अपील की।
पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह भी किया गया। अभियान के तहत जिलेभर में 1500 से अधिक स्थानों पर पोस्टर चस्पा किए गए तथा 3500 से अधिक लोगों को सीधे जागरूक किया गया। सूचना के आधार पर रविवार को पुलिस ने बताया कि 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान लगातार जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि युवाओं और आम नागरिकों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा सके।
Morena, Morena | Jul 20, 2026