सड़क पर लापरवाही से बाइक सवार 2 युवकों की जान लेने वाला आरोपी थार कार चालक गिरफ्तार, कार जब्त
पंचकूला/ 27 जून :- पंचकूला पुलिस ने सड़क दुर्घटना के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना के आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। यह हादसा रायपुररानी क्षेत्र में 23 जून 2026 की रात हुआ था, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रायपुररानी पुलिस ने तत्परता से जांच करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
रायपुर रानी थाना प्रभारी पीएसआई प्रीतम के अनुसार 23 जून 2026 को रात करीब 9:30 बजे गांव भुंड से गांव मंडलाए की ओर जा रही एक मोटरसाइकिल को सामने से आ रही महिंद्रा थार कार के चालक ने तेज रफ्तार, लापरवाही एवं गफलत से चलाते हुए सीधी टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल चालक तथा उसके पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस व एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान दोनों घायलों की मौत हो गई।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता के अनुसार मलकीत सिंह निवासी गांव भुंड के बयान के आधार पर थाना रायपुररानी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच के दौरान दुर्घटना में शामिल थार कार को बरामद किया गया तथा साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रघुवीर सिंह निवासी पंचकूला को 26 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना रायपुररानी में 24 जून को भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 व 106 के अंतर्गत मामला दर्ज है। मामले में आगे की जांच जारी है तथा पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पंचकूला पुलिस आमजन से अपील करती है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से वाहन न चलाएं। सड़क पर एक छोटी सी असावधानी किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। जिम्मेदार ड्राइविंग ही सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है।