सेक्टर-11 मार्केट में अचानक निरीक्षण करने पहुंचे डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह: सड़कों पर खड़े वाहन देख खुद संभाली कमान
3 घंटे चले मेगा ऑपरेशन में हाथों-हाथ कार्रवाई, नो पार्किंग के 98 चालान काटे, जिसमें 6 वाहन किए जब्त, वसूला 2.99 लाख का भारी जुर्माना
पंचकूला/ 27 जून :-पंचकूला में सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा करने वाले लापरवाही चालकों के खिलाफ जिला पुलिस का कड़ा अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बीते दिन डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने खुद मोर्चे पर उतरकर कमान संभाली। वे अचानक पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित मुख्य मार्केट में औचक निरीक्षण करने पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक ने तुरंत मामले का खुद संज्ञान लिया और ट्रैफिक पुलिस की टीम को मौके पर बुलाया। इसके बाद बाजार में हाथों-हाथ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी गई। मात्र तीन घंटे तक चली इस व्यापक मुहिम के दौरान नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के न केवल भारी-भरकम चालान काटे गए, बल्कि कई गाड़ियों को मौके पर ही इंपाउंड भी किया गया।
इस औचक निरीक्षण और कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 98 वाहनों पर शिकंजा कसा, जिसमें कुल 2,99,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, गलत पार्किंग के लिए 88 ऑनलाइन चालान किए गए, जिनके जरिए 1,61,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, मौके पर ही 04 मैनुअल चालान भी काटे गए, जिससे 3,000 रूपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं गंभीर रूप से यातायात बाधित कर रहे 06 वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया, जिन पर कुल 1,35,000 रुपये का भारी जुर्माना ठोंका गया।
कार्रवाई के बाद डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया कि सड़कों और बाजारों में गलत तरीके से वाहन खड़ा करने से न सिर्फ सुचारू यातायात प्रभावित होता है, बल्कि जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है। यह लापरवाही किसी बड़े सड़क हादसे का कारण भी बन सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग पहले भी एडवाइजरी और जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को सचेत कर चुका है और बाजारों में 'नो पार्किंग' के बोर्ड भी लगाए जा चुके हैं, इसके बावजूद कई चालक अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। डीसीपी ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख स्थानों और बाजारों में भी ऐसे ही औचक निरीक्षण कर नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।