छठ पूजा को लेकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न छठ घाटों का किया संयुक्त निरीक्षण, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुविधा, सुरक्षा तथा विधि-व्यवस्था को लेकर आज जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान ने संयुक्त रूप से मिर्जापुर स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट, सोमनाथ (शोभिया पर) मंदिर स्थित छठ घाट, गढ़पर स्थित छठ घाट एवं मोती बिगहा स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नगर परिषद एवं कार्यपालक अभियंता, विद्युत को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर स्थापित हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइटों का सर्वेक्षण कर उन्हें पूर्णतः क्रियाशील रखा जाए। साथ ही, छठ घाटों पर प्रवेश एवं निकास द्वार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विभिन्न छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं छठ घाटों के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूरी की जाएं। साथ ही, पूरे परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान ने संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि छठ घाट परिसर में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर ही कराई जाएगी तथा घाटों तक आने-जाने की व्यवस्था पैदल सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने घाटों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बलों की समुचित प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर, गोपनीय शाखा प्रभारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवादा सदर, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद नवादा, कार्यपालक अभियंता, विद्युत, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नवादा सदर, अंचल अधिकारी, नवादा सदर, संबंधित थानाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Nov 10, 2026