नंदलाल का निधन प्रदेश और रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति : रोहित ठाकुर
शिमला -
शिक्षा मंत्री ने दिवंगत नेता को दी श्रद्धांजलि, कहा- सादगी, ईमानदारी और समर्पण के लिए हमेशा याद किए जाएंगे
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नंदलाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना पूरे प्रदेश और विशेषकर रामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बहुत बड़ी और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि धनलाल अपनी सादगी, ईमानदारी और समर्पण भाव के लिए पूरे प्रदेश और जिला शिमला में विशेष पहचान रखते थे। एक ही विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार चुनाव जीतना कोई आसान बात नहीं है। यह उपलब्धि उन्हें रामपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के निरंतर आशीर्वाद और उनके प्रति विश्वास के कारण हासिल हुई।
रोहित ठाकुर ने कहा कि नंदलाल का कार्य करने का तरीका, उनकी जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पण की भावना ही उनकी लोकप्रियता का आधार थी। यही कारण था कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें लगातार अपना प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना पूरे क्षेत्र के लिए गहरा आघात है और आज पूरा रामपुर क्षेत्र शोकाकुल है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि वह बीती रात दिल्ली से लौटने के बाद नंदलाल से मिलने अस्पताल भी पहुंचे थे। उस समय वह आईसीयू में उपचाराधीन थे। इस दौरान उन्होंने उनके परिवारजनों, पत्नी, पुत्र और बहू से भी मुलाकात की थी। रोहित ठाकुर ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार और रामपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दुख की इस घड़ी में परिवारजनों और क्षेत्रवासियों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।