2027 में फिर बनेगी हिमाचल में कांग्रेस की सरकार! रजनी पाटिल ने धर्मशाला से किया बड़ा दावा |
Kangra Express
राहुल गांधी के बढ़ते ग्राफ का मिलेगा फायदा, 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत कांग्रेस प्रभारी ने जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों के साथ की बैठक |
धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। धर्मशाला पहुंचीं रजनी पाटिल ने विपक्ष के उन दावों को भी खारिज किया, जिनमें आगामी चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने की बात कही जा रही है।
रजनी पाटिल ने कहा कि हिमाचल की जनता ने पहले भी कांग्रेस को प्यार और समर्थन दिया है और आगामी चुनाव में भी पार्टी को जनता का साथ मिलने का पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और इसका फायदा कांग्रेस पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में भाजपा के खिलाफ पार्टी की लड़ाई का भी जिक्र किया।
धर्मशाला में आयोजित बैठक 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत की गई। इस दौरान जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों, सभी ब्लॉक अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों और अभियान को लेकर चर्चा की गई। रजनी पाटिल ने कहा कि देशभर में कांग्रेस यह अभियान चला रही है और इसके तहत जिला स्तर पर बैठकें कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जा रहा है।
वहीं, सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन पर प्रतिक्रिया देते हुए रजनी पाटिल ने पुस्तक को बेहद सुंदर बताया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इसमें अपने जीवन से जुड़े कई ऐसे अनुभव और भावनाएं साझा की हैं, जिनके बारे में लोगों को पहले जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि वह पिछले 25 से 30 वर्षों से सोनिया गांधी को जानती हैं और उनके साथ काम भी किया है।
अब धर्मशाला से रजनी पाटिल के इस बयान ने हिमाचल की सियासत में 2027 के चुनाव को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। कांग्रेस जहां दोबारा सत्ता में लौटने का भरोसा जता रही है, वहीं आने वाले समय में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।
Kangra, Kangra | Nov 15, 2026