लटेरी के उनारसीकला में वीबी-जी राम-जी मिशन का शुभारंभ, विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने ग्रामीणों को बताए योजना के लाभ
..
विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) VB-G RAM-G के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार को विकासखंड लटेरी की ग्राम पंचायत उनारसीकला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिरोंज विधायक श्री उमाकांत शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह मिशन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने, आजीविका के साधनों को मजबूत बनाने तथा गांवों के समग्र विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री शर्मा ने मिशन के उद्देश्यों एवं विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ना है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो सके।
इस अवसर पर ग्रामीणों को आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास तथा सामुदायिक सहभागिता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने मिशन के क्रियान्वयन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि ग्राम स्तर पर योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए शासन की योजनाओं में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। #vidisha
78 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 2, 2026