धान की फसल में फुदका कीट का प्रकोप, किसान चिंतित
भारतीय किसान संघ ने प्रभारी मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, फसल सर्वे और क्षति के आकलन के साथ मुआवजा व बीमा लाभ दिलाने की मांग
डिंडौरी जिले में इन दिनों धान की फसल पर फुदका कीट के प्रकोप से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों के अनुसार कई क्षेत्रों में खड़ी धान की फसल पीली होकर सूखने लगी है, जिससे फसल को नुकसान होने की आशंका है। समस्या को लेकर भारतीय किसान संघ, तहसील डिंडौरी की ओर से प्रभारी मंत्री, जिला डिंडौरी के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में धान की फसल पर फुदका कीट का प्रकोप देखने को मिल रहा है। कीट के कारण पौधों के पीले पड़ने और सूखने की शिकायत सामने आ रही है। किसानों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते नियंत्रण के उपाय नहीं किए गए तो फसल प्रभावित हो सकती है।
संयुक्त सर्वे और फसल क्षति का आकलन कराने की मांग
भारतीय किसान संघ ने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम तथा फसल बीमा प्रतिनिधियों के माध्यम से खेतों का सर्वेक्षण कराया जाए। साथ ही फसल क्षति का आकलन कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की गई है।
संघ ने किसानों को फुदका कीट के नियंत्रण के लिए आवश्यक दवाओं और उनके उपयोग की जानकारी व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने तथा प्रभावित क्षेत्रों में समुचित कीट प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।
मुआवजा और फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि सर्वेक्षण के आधार पर फसल क्षति सामने आने पर पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा एवं फसल बीमा की राशि का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से धान की फसल को बचाने के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसानों को संभावित आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला विपणन प्रमुख खिलपत गौतम, किसान संघ तहसील अध्यक्ष डिंडौरी खमोद चंदेल सहित जिले के किसान उपस्थित रहे।
#Dindori #PaddyCrop #KisanNews #MadhyaPradesh #AgricultureNews