युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत, बाँका द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों हेतु 6-दिवसीय आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज जिला पदाधिकारी, बाँका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा निरीक्षण किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 से 22 अगस्त 2026 तक जिला पंचायत संसाधन केंद्र, बौंसी में आयोजित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रशिक्षण की व्यवस्था, प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं स्वयंसेवकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि “युवा शक्ति किसी भी समाज और राष्ट्र की रीढ़ होती है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की यह पहल ‘मेरा युवा भारत’ केवल एक पोर्टल या योजना नहीं है, बल्कि यह हमारे युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का एक सशक्त मंच है।”
उन्होंने कहा कि बाँका जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे स्वयंसेवकों के कंधों पर केवल एक स्वयंसेवक की नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले ‘कैटेलिटिक एजेंट’ की जिम्मेदारी है।
जिला पदाधिकारी ने स्वयंसेवकों को उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें यह समझना होगा कि अपने क्षेत्र में उनकी मुख्य जिम्मेदारियां क्या हैं। उन्होंने कहा कि सभी स्वयंसेवक अपने-अपने प्रखंडों में युवा क्लबों एवं विभिन्न सरकारी विकास विभागों के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करें।
उन्होंने स्वयंसेवकों को निर्देशित किया कि वे प्रखंड के युवाओं की प्राथमिकताओं, कौशल एवं आवश्यकताओं को समझते हुए सटीक ‘यूथ प्रोफाइल’ तैयार करें, ताकि युवाओं की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल युग का है। ऐसे में स्वयंसेवकों को ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल पर युवाओं का निबंधन कराने, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने तथा जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग में दक्षता हासिल करनी चाहिए।
उन्होंने सामुदायिक विकास पर जोर देते हुए कहा कि निष्क्रिय पड़े युवा क्लबों को पुनर्जीवित करना तथा आवश्यकता के अनुसार नए युवा क्लबों का गठन कर युवाओं को खेल, कौशल विकास, स्वच्छता एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ना स्वयंसेवकों का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण स्वयंसेवकों में नेतृत्व क्षमता, संप्रेषण कौशल एवं संगठनात्मक क्षमता को निखारने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। प्रशिक्षण में सिखाई जा रही प्रत्येक बात, चाहे वह ऑनलाइन पोर्टल का संचालन हो, रिपोर्ट तैयार करना हो या टीम वर्क, उसे पूरी गंभीरता एवं लगन से सीखने की आवश्यकता है।
अपने संबोधन के अंत में कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि बाँका के युवा साथी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं ऊर्जा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा बाँका को राज्य स्तर पर एक आदर्श जिला बनाने में जिला प्रशासन के मजबूत सहयोगी साबित होंगे।