जिला जेल मुरैना में बंदियों को दिया नर्सरी उद्योग का प्रशिक्षण
कौशल विकास के माध्यम से बंदियों के पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में पहल
जिला जेल मुरैना में निरुद्ध बंदियों के कौशल विकास, सुधार एवं पुनर्वास के उद्देश्य से संचालित नर्सरी उद्योग के अंतर्गत सामाजिक वानिकी विभाग द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 11 दंडित एवं 7 विचाराधीन बंदियों को नर्सरी की स्थापना, पौध तैयार करने तथा नर्सरी प्रबंधन की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वन विस्तार अधिकारी मुरैना श्रीकांत भारद्वाज एवं वन विस्तार अधिकारी दतिया श्री विवेक सिंह के नेतृत्व में वनरक्षक श्री बंटी सिंह, श्री निर्मल ओझा तथा तकनीकी विशेषज्ञ श्री नरेश श्रीवास ने बंदियों को पौध तैयार करने, पौधरोपण के लिए थैलियों में मिट्टी भरने, बीज बोने, पॉटिंग मिश्रण तैयार करने और वर्मी कम्पोस्ट बनाने की विधियों की जानकारी दी। साथ ही नर्सरी की स्थापना, पौधों की देखभाल एवं समुचित प्रबंधन से संबंधित तकनीकी पहलुओं को भी समझाया गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि नर्सरी उद्योग कम लागत में प्रारंभ किया जा सकने वाला आजीविका का एक उपयोगी साधन है। बाजार में पौधों की मांग को देखते हुए इस क्षेत्र में स्वरोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। नर्सरी व्यवसाय के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता भी हासिल की जा सकती है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बंदियों को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान करना है, ताकि वे जेल से बाहर आने के बाद आजीविका के साधन विकसित कर सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन व्यतीत करने की दिशा में आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में उप जेल अधीक्षक श्री सुनीत कुमार शर्मा एवं प्रहरी श्री अशोक कुमार बामौतिया भी उपस्थित रहे।
#morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
112 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 14, 2026