मानवीय मूल्यों से ही सशक्त एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में मानवीय मूल्यों पर विशेष व्याख्यान आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, मुरैना में विद्यार्थियों में नैतिक चेतना, मानवीय संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से मानवीय मूल्यों पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमआईटीएस डीम्ड विश्वविद्यालय, ग्वालियर के सहायक प्राध्यापक डॉ. गवेन्द्र नोर्के उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना ने की।
मुख्य अतिथि डॉ. गवेन्द्र नोर्के ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक महानता केवल उसकी भौतिक एवं आर्थिक प्रगति से निर्धारित नहीं होती, बल्कि उसके नागरिकों के नैतिक आचरण, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण में भी निहित होती है। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में ईमानदारी, सहानुभूति, पर्यावरण संरक्षण तथा बड़ों के प्रति सम्मान जैसे मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
मुख्य कार्यक्रम समन्वयक एवं वरिष्ठ व्याख्याता श्री दिलीप गांगिल ने कहा कि सत्य, ईमानदारी, प्रेम, करुणा, सहिष्णुता, अनुशासन एवं सहयोग जैसे मानवीय मूल्य व्यक्ति के चरित्र निर्माण के साथ-साथ समाज में सद्भाव, समरसता और भाईचारे को सुदृढ़ बनाते हैं। विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना और उनका व्यवहार में पालन आवश्यक है।
महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना ने कहा कि सेवा, करुणा, ईमानदारी एवं परस्पर सम्मान मानवीय मूल्यों के प्रमुख आधार हैं। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की बिना किसी भेदभाव के सहायता करना ही सेवा भावना का वास्तविक स्वरूप है, जो सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना के अनुरूप है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, उनमें सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता तथा सेवा भाव विकसित करने की दृष्टि से ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक श्री कपिल राजे सहित महाविद्यालय के शिक्षक, अतिथि शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य कार्यक्रम समन्वयक श्री दिलीप गांगिल ने किया तथा अंत में उन्होंने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना ने मुख्य अतिथि डॉ. गवेन्द्र नोर्के को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena
Morena, Madhya Pradesh | Oct 14, 2026