भारी बारिश से परमी-फुलई मार्ग कटने से आवागमन ठप, ग्रामीणों व स्कूली बच्चों की बढ़ीं मुश्किलें
हरदोई। हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के कारण मल्लावां विकास खंड क्षेत्र के परमी-फुलई मार्ग का एक हिस्सा कटकर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हो गया है। सड़क टूटने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में राहुल कुमार गौतम व अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हरदोई को मांग पत्र भेजकर क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग खराब होने से परमी, फुलई, भौंर और बंदरहिया गांवों के लोगों का आवागमन बाधित हो गया है और बरसात के बीच लोगों को जोखिम उठाकर निकलना पड़ रहा है।
मांग पत्र में बताया गया है कि सड़क कट जाने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है, जिन्हें रोजाना स्कूल आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के लिए भी आवश्यक कार्यों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
राहुल कुमार गौतम व अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जनहित को देखते हुए संबंधित विभाग को तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश देने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों और विद्यार्थियों को राहत मिल सके।