खून से हस्ताक्षर कर जुखाला कॉलेज बचाने की हुंकार, पांचवें दिन भावुक हुआ आंदोलन; बोले- हर कीमत पर बचाएंगे साइंस और कॉमर्स संकाय
जुखाला (बिलासपुर): राजकीय महाविद्यालय जुखाला में साइंस और कॉमर्स संकाय बंद किए जाने के विरोध में चल रहा आंदोलन अब और भावनात्मक रूप लेता जा रहा है। आंदोलन के पांचवें दिन प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज बचाने के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया, जिसमें कई लोगों ने अपने खून से हस्ताक्षर कर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों, क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर कहा कि वे किसी भी कीमत पर जुखाला कॉलेज में साइंस और कॉमर्स संकाय को बंद नहीं होने देंगे।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले पांच दिनों से लगातार कड़ी धूप में धरने पर बैठे हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों को न तो सरकार सुन रही है और न ही प्रशासन कोई ठोस कदम उठा रहा है। उनका कहना है कि उपायुक्त बिलासपुर को कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, फिर भी अब तक कोई सकारात्मक निर्णय सामने नहीं आया है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति या संगठन का नहीं, बल्कि क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों के भविष्य का है। उनका कहना है कि लगभग 30 पंचायतों के छात्र-छात्राएं इस फैसले से प्रभावित होंगे और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के महाविद्यालयों में जाना पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द साइंस और कॉमर्स संकाय बहाल नहीं किए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को ब्रह्मपुखर सहित अन्य स्थानों तक भी ले जाया जाएगा। उनका स्पष्ट कहना है कि मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा।
यह आंदोलन अब लगातार जनसमर्थन हासिल कर रहा है और हर दिन बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होकर विद्यार्थियों के भविष्य की लड़ाई में अपना समर्थन दे रहे हैं।यूनिक टुडे न्यूज़
#JukhalaCollege #Bilaspur #StudentProtest #ScienceClasses #CommerceClasses #BloodSignatureCampaign #Education #जुखाला_कॉलेज #बिलासपुर #छात्र_प्रदर्शन #खून_से_हस्ताक्षर #शिक्षा #UTHimachal #UniqueTodayNews #नेट_चैट #NetChat #️⃣