पांचवें दिन भी नहीं थमा जुखाला कॉलेज आंदोलन, बोले- 5 दिन से कड़ी धूप में बैठे हैं, फिर भी सरकार-प्रशासन नहीं सुन रहा हमारी आवाज
जुखाला (बिलासपुर): राजकीय महाविद्यालय जुखाला में साइंस और कॉमर्स संकाय बंद किए जाने के विरोध में आंदोलन रविवार को पांचवें दिन भी लगातार जारी रहा। आंदोलन में हर दिन लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। विद्यार्थी, अभिभावक, क्षेत्रवासी और जनप्रतिनिधि लगातार धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर सरकार से दोनों संकायों को तत्काल बहाल करने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले पांच दिनों से कड़ी धूप में बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी जायज मांगों को उठा रहे हैं, लेकिन न तो सरकार उनकी बात सुन रही है और न ही प्रशासन कोई ठोस पहल कर रहा है। उनका कहना है कि कई बार उपायुक्त बिलासपुर को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। इससे आंदोलनकारियों में भारी नाराजगी है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य को बचाने के लिए है। उनका कहना है कि साइंस और कॉमर्स संकाय बंद होने से लगभग 30 पंचायतों के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के महाविद्यालयों का रुख करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक सरकार साइंस और कॉमर्स संकायों को दोबारा शुरू करने का निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा अगले चरण में ब्रह्मपुखर में भी बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
आंदोलनकारियों का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से लगातार अपनी बात रखने के बावजूद यदि उनकी मांगों को अनसुना किया जाता है, तो उन्हें आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।यूनिक टुडे न्यूज़
#JukhalaCollege #Bilaspur #StudentProtest #ScienceClasses #CommerceClasses #Education #जुखाला_कॉलेज #बिलासपुर #छात्र_प्रदर्शन #शिक्षा #UTHimachal #UniqueTodayNews #नेट_चैट #NetChat #️⃣