🔸गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना स्थल पर उज्जैन के मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा भ्रमण किया गया**
🔸1,920 मेगावाट क्षमता की देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की तकनीकी विशेषताओं एवं निर्माण कार्यों का किया अवलोकन**
🔸मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में दिन-रात चल रहा है निर्माण कार्य**
उज्जैन, 13 नवंबर। नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक में विकसित की जा रही 1,920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की निर्माणाधीन साइट पर शुक्रवार को उज्जैन के मीडियाकर्मियों का भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में देश की सबसे बड़ी नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना का निर्माण कार्य दिन -रात किया जा रहा है। यह परियोजना विद्युत एटीएम की तरह काम करेगी। विद्युत की डिमांड बढते ही तत्काल विद्युत आपूर्ति की जा सकेगी। सरकार के निरंतर प्रयासों, अनुकूल नीतियों एवं निवेश को प्रोत्साहित करने वाली व्यवस्थाओं से प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र की इस महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को गति मिली है। इस परियोजना के पूरा होने से प्रदेश की विद्युत आपूर्ति की क्षमता बढ़ेगी और प्रदेश में बढ़ती विद्युत की मांग की आपूर्ति हो सकेगी।
ग्रीनको MP01 IREP प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उज्जैन जिले के प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों तथा मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भ्रमण कर प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कार्यक्रम का आयोजन उपसंचालक (जनसंपर्क) के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया।
🔸प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई परियोजना की विस्तृत जानकारी**
कार्यक्रम का शुभारंभ कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट श्री नवीन लक्ष्मण द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस दौरान परियोजना निदेशक श्री श्रीनिवास राव द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से परियोजना की परिकल्पना, निर्माण की प्रगति, तकनीकी विशेषताओं एवं ऊर्जा भंडारण की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही परियोजना स्थल पर लागू सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया गया।
इसके पश्चात मीडिया प्रतिनिधियों ने परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान लोअर रिजर्वायर, कॉफर डैम, भूमिगत पावर हाउस एवं अपर रिजर्वायर सहित प्रमुख निर्माणाधीन संरचनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कंपनी के अधिकारियों ने इन संरचनाओं की तकनीकी उपयोगिता, विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया तथा भविष्य में देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में परियोजना की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
🔸11,500 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित हो रही है 1,920 मेगावाट क्षमता की परियोजना**
मीडिया प्रतिनिधियों को बताया गया कि लगभग 11,500 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित की जा रही यह परियोजना भारत की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है। इसकी स्थापित क्षमता 1,920 मेगावाट है। परियोजना के माध्यम से अतिरिक्त सौर एवं पवन ऊर्जा का उपयोग कर जल को ऊपरी जलाशय में संग्रहित किया जाएगा तथा आवश्यकता के समय इसी जल से टरबाइन संचालित कर विद्युत उत्पादन किया जाएगा।
यह परियोजना अधिकतम 6 घंटे तक निरंतर विद्युत उपलब्ध कराने में सक्षम होगी। विशेष रूप से पीक आवर्स में बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने तथा नवीकरणीय ऊर्जा की उपलब्धता में होने वाले उतार-चढ़ाव को संतुलित करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
🔸जल का न्यूनतम उपयोग, पुनर्चक्रण से लगभग शून्य अपव्यय**
उल्लेखनीय है कि इस प्लांट में विद्युत उत्पादन पानी के माध्यम से किया जाएगा। गांधीसागर बांध से अत्यंत सीमित मात्रा में जल लेकर विद्युत उत्पादन किया जाएगा, जिसके पश्चात पानी को पुनः बांध में वापस भेज दिया जाएगा। इस प्रकार जल का अपव्यय न के बराबर रहेगा। परियोजना में गांधीसागर जलाशय के जल का नॉन-कंजम्प्टिव आधार पर पुनः उपयोग किया जाएगा, जिससे जल की वास्तविक खपत नहीं होगी।
🔸विद्युत ग्रिड को मिलेगी स्थिरता, हरित ऊर्जा के प्रभावी उपयोग को मिलेगा बढ़ावा**
परियोजना के पूर्ण संचालन से मध्यप्रदेश सहित देश के विद्युत ग्रिड को स्थिरता मिलेगी। साथ ही सौर एवं पवन ऊर्जा जैसी नवीकरणीय ऊर्जा के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा के भंडारण और आवश्यकता के अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। परियोजना के प्रथम टरबाइन सेट का संचालन दिसंबर 2026 से प्रारंभ करने तथा वर्ष 2027 में पूर्ण व्यावसायिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
🔸निर्माण कार्यों से लगभग 4,000 लोगों को मिले रोजगार के अवसर**
परियोजना से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिल रही है। निर्माण कार्यों के दौरान अब तक लगभग 4,000 लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों, स्थानीय रोजगार एवं विकास की संभावनाओं को और विस्तार मिलेगा। परियोजना के पूर्ण होने के पश्चात मध्यप्रदेश विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनकर उभरेगा।
🔸प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में साकार हो रही महत्वाकांक्षी परियोजना**
इस अवसर पर कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट श्री नवीन लक्ष्मण ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में इस परियोजना पर दिन -रात काम चल रहा है। जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गांधीसागर में 1,920 मेगावाट क्षमता की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण संभव हो पा रहा है। यह परियोजना मध्यप्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मीडिया भ्रमण का उद्देश्य परियोजना की वास्तविक प्रगति, तकनीकी विशेषताओं, पर्यावरणीय लाभ तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में इसकी भूमिका से आमजन को मीडिया के माध्यम से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में उज्जैन संभाग की उपसंचालक (जनसंपर्क) श्रीमती अनुराधा गहरवाल सहित कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Collector Office Neemuch Collector Office Ujjain Ujjain Commissioner Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh JDjansampark Ujjain PRO Jansampark Neemuch
Umaria, Madhya Pradesh | Nov 13, 2026