पलेरा जनपद में महिला सरपंच जनप्रतिनिधियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
---
जनपद पंचायत पलेरा में महिला जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व कौशल एवं पंचायत संचालन क्षमता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत टीकमगढ़ श्री नवीत कुमार धुर्वे के निर्देशन तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पलेरा श्री अरविन्द कुमार बोरकर के मार्गदर्शन में पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र नौगांव द्वारा जनपद पंचायत पलेरा के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनपद पंचायत पलेरा की 40 ग्राम पंचायतों की महिला सरपंचों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम विकास विस्तार अधिकारी श्री दिनेश अहिरवार, ब्लॉक समन्वयक पंचायत राज श्री विवेक अहिरवार, मास्टर ट्रेनर श्री भूपेन्द्र सिंह तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री राजेन्द्र सिंह राय ने विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस जेंडर समानता, महिला-पुरुषों के बीच कार्यों के विभाजन, संविधान के 73वें संशोधन तथा स्थानीय स्वशासन में महिलाओं की भूमिका एवं अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
दूसरे दिवस महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने, पंचायती राज व्यवस्था, उसके प्रमुख घटकों तथा ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के संबंध में गतिविधि आधारित प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को प्रेरक खेल गतिविधियों एवं मूल्य-वृक्ष मानचित्र के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के अंतिम दिवस निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों, ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, सामाजिक दायित्वों तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महिला जनप्रतिनिधियों की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की गई।
समापन अवसर पर जनपद पंचायत पलेरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरविन्द कुमार बोरकर ने महिला जनप्रतिनिधियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर स्तर पर उनके सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh
11 views | Tikamgarh, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026