उत्तराखंड के टिहरी में घर की रसोई तक पहुंचा गुलदार, मचा हड़कंप!
टिहरी गढ़वाल के चंबा के पास सौंदकोटी गांव में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार अचानक रिहायशी मकान में घुस गया। गुलदार घर के अंदर पहुंचकर सीधे रसोई तक जा पहुंचा। घर में गुलदार की मौजूदगी से लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और देर रात ही रेस्क्यू अभियान चलाकर गुलदार को सुरक्षित पकड़ लिया।
हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ के गांवों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जंगलों से निकलकर गुलदार अब लोगों के घरों तक क्यों पहुंच रहे हैं? पहाड़ में इंसान और वन्यजीवों के बीच बढ़ता यह टकराव ग्रामीणों के लिए लगातार चिंता का विषय बनता जा रहा है।