भारी बरसात के दौरान गुरुग्राम पुलिस द्वारा यातायात संचालन सुचारू रखने के लिए किए प्रभावी एवं हर संभव प्रयास।
पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस बल किया गया तैनात, विभिन्न संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जलभराव एवं यातायात बाधाओं को अतिशीघ्र सामान्य करने में जुटी गुरुग्राम पुलिस।
पुलिस उपायुक्तों ने स्वयं विभिन्न स्थानों का दौरा करके यातायात व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 7 जुलाई । लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गुरुग्राम के विभिन्न स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न होने, गड्ढे बनने तथा वाहनों के पानी में फंस जाने के कारण यातायात प्रभावित हुआ और विभिन्न स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई।
उक्त चुनौतीपूर्ण परिस्थिति को देखते हुए पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम के निर्देशानुसार गुरुग्राम पुलिस एवं यातायात पुलिस, गुरुग्राम ने तत्काल प्रभाव से व्यापक स्तर पर कार्यवाही करते हुए यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया। गुरुग्राम पुलिस द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल को चिन्हित स्थानों पर तैनात किया गया, ताकि यातायात व्यवस्था को अतिशीघ्र सामान्य किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों का दौरा करके यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए साथ ही जलभराव, सड़क अवरोध एवं गड्ढों की समस्या के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम, जीएमडीए तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करके आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई गई।
गुरुग्राम पुलिस के पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, यातायात निरीक्षक, जोनल अधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारी लगातार सड़कों पर मौजूद रहकर यातायात संचालन की निगरानी कर रहे है तथा उत्पन्न होने वाले अवरोधों को दूर कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर लगाकर परिस्थिति को सामान्य करने में जुटे हुए है।
गुरूग्राम पुलिस द्वारा जलभराव वाले स्थानों पर फंसे वाहनों को निकालने के लिए क्रेन, रिकवरी वाहन, पंप, टैंकर एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया गया है। आवश्यकतानुसार निजी संसाधनों की भी सहायता ली गई तथा खराब होकर पानी में फंसे वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर वाहन चालकों की सहायता की गई।
गुरुग्राम पुलिस एवं यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल की सहायता से जलभराव वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों, अंडरपासों एवं संवेदनशील मार्गों पर लगातार यातायात संचालन कराया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारी बारिश और जलभराव के बीच खड़े रहकर पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन किया, जिससे यातायात व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने में सफलता मिली।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा लगातार बरसात की स्थिति को देखते हुए सभी जोनों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित की गई है, ताकि किसी भी आपात अथवा विषम परिस्थिति में तत्काल प्रभाव से आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही विभिन्न संबंधित विभागों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर जलभराव एवं अन्य अवरोधों को जल्द से जल्द दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गुरुग्राम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। मूसलाधार बारिश जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी गुरुग्राम पुलिस एवं यातायात पुलिस गुरुग्राम आमजन की सेवा, सुरक्षा एवं सहायता के लिए निरंतर तत्पर हैं। गुरुग्राम पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि बरसात के मौसम में आवश्यक सावधानियां बरतें, यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस का सहयोग प्राप्त करें। गुरुग्राम पुलिस सदैव आपकी सेवा, सुरक्षा एवं सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।