भागलपुर, 28 जून 2026. बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित किए जाने वाले "पंचायत विकास दिवस (विकसित भारत–समृद्ध बिहार)" कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को सबौर प्रखंड की बरारी ग्राम पंचायत के पंचायत भवन में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। इस माह के कार्यक्रम की थीम "महिला हितैषी पंचायत" रही। कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव सह भागलपुर जिला के प्रभारी सचिव श्री दीपक आनंद एवं जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे ने भाग लिया तथा ग्रामवासियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी सबौर, अंचलाधिकारी सबौर, बरारी पंचायत के मुखिया श्री जयकरण पासवान, सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि, जीविका दीदियाँ, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएँ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव श्री दीपक आनंद ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्राम पंचायत के सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए पंचायत के विकास कार्यों की समीक्षा करना तथा आगामी योजनाओं पर ग्राम सभा के माध्यम से विचार-विमर्श करना है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई कि बरारी पंचायत में सड़कों एवं नाला निर्माण जैसे आधारभूत विकास कार्यों के साथ-साथ खेल को बढ़ावा देने के लिए वॉलीबॉल कोर्ट का भी निर्माण कराया गया है, जो पंचायत की दूरदर्शी सोच का परिचायक है।
उन्होंने कहा कि इस माह की थीम "महिला हितैषी पंचायत" है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को समाज एवं विकास की प्रत्येक गतिविधि में समान भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सहभागिता यह दर्शाती है कि महिलाएँ अब सशक्त होकर विकास की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
अपने विभाग का परिचय देते हुए श्री आनंद ने बताया कि वे खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव हैं तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से पात्र लाभुकों को उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्यान्न की व्यवस्था उनके विभाग के अधीन है।
उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस के माध्यम से लैंगिक समानता, शिक्षा एवं कौशल विकास, स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं के विस्तार तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत की विकास योजनाओं के निर्धारण में आम जनता की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है तथा ग्रामवासियों को अपनी आवश्यकताओं एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं के चयन में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को विकास कार्यों को इसी प्रकार आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का वास्तविक उद्देश्य पंचायत के प्रत्येक नागरिक को विकास प्रक्रिया से जोड़ना है। उन्होंने कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, बच्चों, वृद्धजनों एवं पुरुषों की समान भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यही पंचायत विकास दिवस की मूल भावना है।
उन्होंने कहा कि पंचायत की कार्ययोजना, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तथा भविष्य की प्राथमिकताओं के निर्धारण में प्रत्येक व्यक्ति का सुझाव महत्वपूर्ण है। सभी नागरिकों के विचारों एवं सहभागिता से ही पंचायत का सर्वांगीण एवं समावेशी विकास संभव हो सकेगा।
जिलाधिकारी ने पंचायत के युवा एवं शिक्षित मुखिया श्री जयकरण पासवान की सराहना करते हुए पंचायत की पूरी टीम, सरपंच तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी प्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं एवं क्षेत्र में कार्यरत सभी कर्मियों के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीण परिवारों तक सरकारी सेवाएँ पहुँचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि आगामी पंचायत विकास दिवस में वे अपने क्षेत्र की समस्याओं, सेवाओं में सुधार संबंधी सुझाव तथा स्थानीय आवश्यकताओं को खुलकर ग्राम सभा के समक्ष रखें। जिला प्रशासन के स्तर पर जिन समस्याओं का समाधान संभव होगा, उनका त्वरित निराकरण किया जाएगा तथा जो विषय राज्य सरकार के स्तर से संबंधित होंगे, उन्हें सरकार तक प्रभावी रूप से पहुँचाया जाएगा।
जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग एवं सहभागिता से बरारी पंचायत निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित करेगी तथा यहाँ की महिलाएँ, बेटियाँ, युवा एवं आमजन जिले एवं राज्य का नाम गौरवान्वित करेंगे।
इस अवसर पर पंचायत के मुखिया श्री जयकरण पासवान ने पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए पंचायतवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत विकास दिवस पर पंचायत की वर्तमान एवं भावी विकास योजनाओं पर चर्चा की गई।
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण भी कराया गया।
इस अवसर पर कलाकारों ने मद्यनिषेध विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए अत्यंत हानिकारक एवं विनाशकारी है। लोगों से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाएं तथा अपने परिवार और समाज के सुख, शांति एवं समृद्धि में योगदान दें।
गौरतलब है कि पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को प्रभावी रूप से लागू करना है। इसके अंतर्गत गरीबी मुक्त एवं आजीविका उन्नत पंचायत, स्वस्थ पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, जल पर्याप्त पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढाँचे युक्त पंचायत, सामाजिक न्याय एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित पंचायत, सुशासन युक्त पंचायत तथा महिला हितैषी पंचायत जैसे नौ प्रमुख लक्ष्यों पर ग्राम स्तर पर जनभागीदारी के साथ कार्य किया जा रहा है।
District Administration Patna
District Administration, Madhubani
DM Darbhanga
Madhepura District Administration
JEEVIKA Bihar
Bhagalpur Police
Banka District Administration