#Balrampur ! धनतेरस-दीपावली पर बाजारों में पुलिस की पैनी नजर, एएसपी ने किया पैदल गश्त...
सर्राफा बाजारों से संवेदनशील स्थानों तक सुरक्षा का जायजा, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी...
#बलरामपुर। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के साथ नगर के प्रमुख बाजारों और सर्राफा मार्केट में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, क्षेत्राधिकारी ललिया डीके श्रीवास्तव ने मथुरा बाजार में पुलिस बल के साथ गश्त की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुझाव भी लिए। लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
पुलिस प्रशासन ने त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाह और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर साइबर एवं सोशल मीडिया सेल की विशेष नजर रहेगी।
इसके अलावा जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ बाजारों, सर्राफा प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया।
#Balrampurpolice