रतनगढ़ मेले के तीसरे दिन सुबह तक 22 लाख श्रद्धालुओं ने किए माता रानी के दर्शन, 7 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बंध कटवाए
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में श्रद्धालुओं को कराए जा रहे सुगम एवं सुरक्षित दर्शन
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रतनगढ़ माता मंदिर में आयोजित मेले के तीसरे दिन सुबह तक लगभग 22 लाख श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, 7 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बंध कटवाए।
कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मेले में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। प्रत्येक सेक्टर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे और उन्हें सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से माता रानी के दर्शन हो सकें।
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर संचालित की जा रही हैं।