चंद्रापुरी के गबनी गांव के पास खाई में गिरा 35 वर्षीय युवक, रातभर चला सर्च ऑपरेशन; अब तक लापता!!
112 पर सूचना मिलते ही SDRF और पुलिस मौके पर पहुंची, जल पुलिस के साथ संयुक्त अभियान जारी,
रुद्रप्रयाग। जनपद के चंद्रापुरी क्षेत्र में गबनी गांव के समीप एक 35 वर्षीय युवक के खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने रातभर खोजबीन की, लेकिन सोमवार सुबह तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। लापता युवक की तलाश में एसडीआरएफ, जल पुलिस और पुलिस की संयुक्त टीमें सर्च अभियान चला रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार, 18 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे आपातकालीन सेवा 112 पर धर्मेन्द्र सिंह ने सूचना दी कि उनके भाई रविन्द्र सिंह (उम्र लगभग 35 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-02, उदयपुर, ऊखीमठ, चंद्रापुरी के गबनी गांव के समीप खाई में गिर गए हैं। सूचना के बाद से ही उनके लापता होने की आशंका के बीच परिजन चिंतित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने तत्काल एसडीआरएफ और पुलिस टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया। रात के अंधेरे में रेस्क्यू टीमों ने संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
सोमवार, 19 अक्टूबर की सुबह एसडीआरएफ, जल पुलिस और पुलिस की संयुक्त टीमों ने दोबारा सर्च अभियान शुरू किया। दुर्गम क्षेत्र में युवक की तलाश के लिए अभियान जारी है।
फिलहाल युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। रेस्क्यू टीमों की ओर से लगातार खोजबीन की जा रही है।