25 हजार रुपए का इनामी स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 13.34 ग्राम स्मैक बरामद
कुण्डेरा पुलिस और जिला विशेष टीम की संयुक्त कार्रवाई, राजस्थान के कई जिलों में चल रहा था वांछित
सवाई माधोपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुण्डेरा थाना पुलिस एवं जिला विशेष टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13.34 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल और वृत्ताधिकारी राजेन्द्र मीना के निकटतम सुपरविजन में 30 अक्टूबर 2026 को यह कार्रवाई की गई। संयुक्त पुलिस टीम ने जिला मुख्यालय के टॉप-10 अपराधियों में शामिल और राज्य स्तर पर चिन्हित अवैध मादक पदार्थों के तस्कर जसराम उर्फ झब्बू मीना (34) निवासी उलियाना, थाना कुण्डेरा को उलियाना मोड़ से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी को मादक पदार्थों की तस्करी का मुख्य संचालक (किंगपिन) बताया गया है। वह सवाई माधोपुर के अलावा करौली, टोंक, कोटा सहित अन्य जिलों के मामलों में भी वांछित चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस अब आरोपी से मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।