SNBCU का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई में लापरवाही पर सख्त निर्देश,
अस्पताल में भर्ती नवजातों की स्वास्थ्य सुविधाओं और जीवनरक्षक उपकरणों की ली जानकारी,
शिवहर। जिला पदाधिकारी ने बुधवार को सरोज सीताराम सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNBCU) में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने नवजात शिशुओं को मिल रही चिकित्सा सेवा, देखभाल और सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने SNBCU वार्ड का सघन भ्रमण किया और वहां भर्ती दुर्बल एवं बीमार नवजात शिशुओं के उपचार तथा देखभाल की जानकारी ली। उन्होंने वार्ड में स्थापित जीवनरक्षक उपकरणों और विशेष रूप से अलार्मिंग सिस्टम की तकनीकी स्थिति की भी जांच की, ताकि आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
डीएम ने SNBCU में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि नवजात शिशुओं के वार्ड में स्वच्छता के उच्चतम मानकों का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए। संक्रमण की आशंका को देखते हुए सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी गई।
उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों को नवजात शिशुओं के प्रति पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधक, ड्यूटी पर तैनात विशेषज्ञ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य संबंधित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।