मिलावट पर चला प्रशासन का डंडा, 1250 किलो चटगोला और आंवला कैंडी सीज
600 किलो दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट, नमूने जांच के लिए अजमेर लैब भेजे
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी) राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बनेड़ा रोड स्थित एक खाद्य निर्माण इकाई पर छापा मारकर 1250 किलो चटगोला एवं आंवला कैंडी सीज कर दी। वहीं परिसर में रखी करीब 600 किलो दूषित खाद्य सामग्री को जनहित में मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मैसर्स हितकर न्यूट्री फूड्स, चमनपुरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री का निर्माण कार्य जारी मिला। जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तैयार माल को सीज कर दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि परिसर में रखे छह ड्रमों में करीब 600 किलो दूषित खाद्य पदार्थ पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही चटगोला एवं आंवला कैंडी के नमूने लेकर जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस संबंध में संचालक को नोटिस जारी किया जाएगा। अधिकारियों ने खाद्य व्यवसायियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के निर्माण एवं विक्रय के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव ने बताया कि जांच रिपोर्ट में मिलावट या खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित व्यवसायी के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह थे कार्यवाही में:-
कार्रवाई में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गोवर्धन लाल कुम्हार, राजवीर सिंह, पवन कुमार एवं फेहद खान भी शामिल रहे।
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने कहा कि जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए सख्त निगरानी रखी जाएगी।