धरवास में विश्व पशु दिवस पर पशुपालन विभाग का जागरूकता शिविर
40 कुत्तों का निःशुल्क रेबीज टीकाकरण, करीब 50 पशुपालकों ने लिया भाग
Tribal Live News
धरवास/किलाड़, 4 अक्टूबर 2026। विश्व पशु दिवस के अवसर पर पशुपालन विभाग द्वारा ग्राम पंचायत धरवास में एक दिवसीय पशु जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के करीब 50 पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत धरवास की प्रधान श्रीमती बिलो नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए पंचायतवासियों से वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर पशुधन की बेहतर देखभाल करने और अपनी आजीविका को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
शिविर में मुख्य वक्ता वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी किलाड़ डॉ. नरेश ठाकुर ने पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन, संतुलित आहार, मौसमी बीमारियों से बचाव और उन्नत नस्ल सुधार के उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए उचित प्रबंधन और बेहतर देखभाल पर जोर दिया। साथ ही सर्दियों के लिए पर्याप्त चारा भंडारण तथा समय पर पशुओं का टीकाकरण करवाने के महत्व को भी रेखांकित किया।
40 कुत्तों का हुआ निःशुल्क रेबीज टीकाकरण
शिविर के दौरान पशु स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत धरवास के पशुपालकों द्वारा पाले गए करीब 40 कुत्तों का रेबीज के विरुद्ध निःशुल्क टीकाकरण किया गया।
कार्यक्रम में पशुपालकों की विभिन्न समस्याओं और सवालों का मौके पर समाधान किया गया तथा पशुपालन विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, ब्लॉक विकास सदस्य श्रीमती मीना कुमारी, पशुपालन विभाग के कर्मचारी और क्षेत्र के प्रगतिशील पशुपालक मौजूद रहे।
#TribalLiveNews #विश्वपशुदिवस #धरवास #किलाड़ #पांगी #पशुपालनविभाग #रेबीजटीकाकरण #AnimalWelfare #PangiNews #ChambaNews
Chamba, Chamba | Oct 4, 2026