राजा बाजार व बस स्टैंड का डीएम ने किया निरीक्षण, नो-वेंडिंग जोन को अतिक्रमणमुक्त रखने का निर्देश
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने शनिवार को राजा बाजार, बस स्टैंड एवं सीएमआर गोदाम संख्या-04 का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और चल रहे कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के साथ गुणवत्ता एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
राजा बाजार के निरीक्षण में कुछ कार्य अधूरे पाए गए। इस पर डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों और कार्यकारी एजेंसी को शेष कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने को भी कहा।
बस स्टैंड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को सुव्यवस्थित पार्किंग जोन विकसित करने के लिए योजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही नो-वेंडिंग जोन को हर हाल में अतिक्रमणमुक्त रखने, परिसर में वाहनों के सुचारु आवागमन और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद डीएम ने सीएमआर गोदाम संख्या-04 का निरीक्षण किया। इस दौरान सीएमआर की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और निर्धारित मानकों की जांच की गई। जांच में सीएमआर मानकों के अनुरूप पाया गया। डीएम ने संतोष जताते हुए खाद्यान्न की गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था को बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, सहायक अभियंता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 22, 2026