किताबों के कारवां से गूंजा अटल सदन, ज्ञान और रचनात्मकता का दिखा संगम
दो दिन तक चलेगा वार्षिक महोत्सव, विद्यार्थियों की प्रतिभा को मिलेगा मंच
सहायक आयुक्त डा. जयवंती ठाकुर ने किया शुभारंभ, जिला भाषा अधिकारी रहीं विशेष अतिथि
शनिवार को एसपी कुल्लू अभिषेक एस होंगे मुख्य अतिथि, जीबी पंत संस्थान के प्रमुख ई. राकेश कुमार सिंह रहेंगे विशेष अतिथि
कुल्लू। कुल्लू कॉन्वेंट स्कूल के वार्षिक महोत्सव ‘किताबों का कारवां’ का शुक्रवार को अटल सदन के सभागार में भव्य आगाज हुआ। दो दिवसीय समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और ज्ञान का शानदार प्रदर्शन कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। सभागार में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और गतिविधियों ने माहौल को उत्साह से भर दिया।
महोत्सव के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में सहायक आयुक्त डा. जयवंती ठाकुर ने शिरकत की, जबकि जिला भाषा अधिकारी प्रोमिला गुलेरिया विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षा के साथ साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। ‘किताबों का कारवां’ के माध्यम से विद्यालय ने विद्यार्थियों को पुस्तकों और ज्ञान से जोड़ने के साथ-साथ उनकी कल्पनाशीलता को मंच प्रदान करने का प्रयास किया।
शनिवार को महोत्सव के दूसरे दिन एसपी कुल्लू अभिषेक एस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं जीबी पंथ संस्थान के प्रमुख ई. राकेश कुमार सिंह विशेष अतिथि होंगे। विद्यालय के एमडी सुरेश कुमार ने कहा कि दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ साहित्य, कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ना है।
Kullu, Kullu | Sep 11, 2026