चतुर्थ सोमवारी को लेकर कांवड़िया मार्ग पर जिला प्रशासन की पैनी नजर, डीएम-एसएसपी ने स्वयं संभाली कमान
मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेला 2026 के चतुर्थ सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से अधिकारियों की टीम के साथ कांवड़िया मार्ग का निरीक्षण किया।
डीएम एवं एसएसपी ने कांवड़िया मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर स्वयं उपस्थित रहकर यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा प्रबंध, भीड़ नियंत्रण एवं अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से निगरानी की। इस दौरान अधिकारियों की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि चतुर्थ सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिला पदाधिकारी एवं एसएसपी ने कांवड़ियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मार्ग में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा श्रद्धालुओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
चतुर्थ सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन की पूरी टीम कांवड़िया मार्ग पर मुस्तैद है और श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar