दक्ष से आमिन खां! देवास जिला अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्रों का खेल?
30 हजार से एक लाख रुपए तक लेकर प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप, माता-पिता के नाम तक बदलने की शिकायत; कलेक्टर नेहा मीणा ने गठित की जांच टीम
तीन दिन में मांगी रिपोर्ट, अस्पताल पहुंची टीम ने खंगाले रजिस्टर और डिजिटल रिकॉर्ड; तहसीलदार बोले- गड़बड़ियां तो हुई हैं
टाइम्स एमपी | देवास
देवास जिला अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि यहां पैसों के बदले डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के साथ मूल रिकॉर्ड में नाम और माता-पिता का विवरण तक बदल दिया गया। कथित तौर पर 30 हजार से एक लाख रुपए तक लेकर प्रमाण पत्र बनाने की शिकायत सामने आई है। सबसे चौंकाने वाला मामला एक बच्चे का है, जिसके मूल रिकॉर्ड में नाम दक्ष, माता का नाम कृष्णा बाई और पिता का नाम राहुल दर्ज बताया गया है। आरोप है कि इसी रिकॉर्ड में बदलाव कर बच्चे का प्रमाण पत्र आमिन खां के नाम से जारी किया गया, जिसमें माता का नाम रुखसार बी और पिता का नाम इसराइल खां दर्ज कर दिया गया।
मामला मीडिया में आने और शिकायतें मिलने के बाद कलेक्टर नेहा मीणा ने इसकी गंभीरता को देखते हुए चार सदस्यीय जिला स्तरीय जांच दल गठित किया है। 20 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार टीम को तीन दिन में विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी है। जांच दल जिला अस्पताल की जन्म-मृत्यु शाखा पहुंचा और कई घंटों तक दस्तावेजों, पुराने रजिस्टर और कंप्यूटर में मौजूद डिजिटल रिकॉर्ड की पड़ताल की। महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए गए हैं।
पुराने रिकॉर्ड और डिजिटलीकरण पर भी सवाल
शिकायत में आरोप है कि वर्ष 2004 से पहले के जन्म रजिस्टर अस्पताल में उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद कुछ मामलों में मूल रजिस्टर और सूचना फॉर्म के बिना प्रमाण पत्र जारी किए गए। वर्ष 2007 से 2015 के बीच ऑफलाइन रिकॉर्ड को डिजिटल करने की प्रक्रिया में भी गड़बड़ी की आशंका जताई गई है। पलकेश सिंह ठाकुर और साजिद खान के प्रमाण पत्रों को लेकर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि अस्पताल के अधिकार क्षेत्र और आवश्यक अनुमतियों की अनदेखी कर प्रमाण पत्र जारी किए गए। कुछ प्रमाण पत्रों में यूनिक आईडी के स्थान पर आवेदन संख्या दर्ज होने की शिकायत भी है।
आईडी और OTP के इस्तेमाल की भी जांच
बिना मूल रिकॉर्ड के प्रमाण पत्र जारी होने के आरोपों के बीच अब अधिकारियों-कर्मचारियों की यूजर आईडी, पासवर्ड और OTP के संभावित दुरुपयोग की जांच भी महत्वपूर्ण हो गई है। डिजिटल लॉग से पता लगाया जा सकता है कि रिकॉर्ड में बदलाव किसने और कब किया।
कलेक्टर की सीधी निगरानी में जांच
इससे पहले 18 नवंबर को सीएमएचओ डॉ. सरोजनी जेम्स ने सात दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश के साथ जांच समिति बनाई थी। लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने खुद जिला स्तरीय जांच दल गठित किया। इसमें नगरीय तहसीलदार हरिओम ठाकुर को जांच अधिकारी, सीएमएचओ को सहायक जांच अधिकारी तथा जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी और जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस को सदस्य बनाया गया है।
जांच अधिकारी तहसीलदार हरिओम ठाकुर ने मौके पर कहा, "गड़बड़ियां तो हुई हैं, लेकिन अभी मामला जांच में है। जल्द ही जांच कर प्रतिवेदन कलेक्टर को सौंपा जाएगा।" सीएमएचओ ने भी प्रकरण की गहन जांच कराने की बात कही है।
अब जांच में यह स्पष्ट होना है कि रिकॉर्ड में कथित बदलाव किसने किए, प्रमाण पत्र किसकी आईडी से जारी हुए और कथित वसूली के पीछे कौन लोग हैं। यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई के साथ ऐसे अन्य प्रमाण पत्रों की भी जांच जरूरी होगी।
जन्म प्रमाण पत्र किसी व्यक्ति की पहचान का आधार है। यदि इसी सरकारी दस्तावेज में नाम और माता-पिता तक बदलने का खेल हुआ है तो यह महज विभागीय गड़बड़ी नहीं, सरकारी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल है।
(मामले की पूरी कवर स्टोरी पढ़ने के लिए कमेंट बॉक्स में दी गई लिंक पर क्लिक करें और पढ़ें पूरा खुलासा...)