देवास जिले की सोनकच्छ विधानसभा के ग्राम पोलाई जागीर में जम्मू-कश्मीर में वीरगति को प्राप्त हुए पवन यादव की अंतिम विदाई के दौरान हुए हंगामे ने अब राजनीतिक रूप ले लिया है। पवन यादव का पार्थिव शरीर जब गांव पहुंचा, तो पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी गई। लेकिन इस दौरान देर रात विधायक राजेश सोनकर और कुछ लोगों के बीच तीखी बहसबाजी हो गई।
दरअसल, अंतिम विदाई के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें शहीद का दर्जा दिए जाने और उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई। इस मांग को लेकर मौके पर काफी देर तक गहमागहमी और विरोध की स्थिति बनी रही।
प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधायक ने लगाए गंभीर आरोप
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर आज विधायक राजेश सोनकर ने भाजपा जिला कार्यालय देवास में प्रेस वार्ता आयोजित की। यहां उन्होंने पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा पर सीधा निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वीरगति को प्राप्त हुए जवान की अंतिम विदाई के दौरान जो कुछ हुआ, वह पूर्व नियोजित राजनीतिक घटनाक्रम था।
विधायक सोनकर ने कहा कि इस पूरे मामले की प्लानिंग सज्जन सिंह वर्मा की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक जवान की अंतिम विदाई जैसे संवेदनशील अवसर पर राजनीति की गई और लोगों के माध्यम से एक करोड़ रुपये की सहायता राशि एवं शहीद का दर्जा देने की मांग उठवाकर विरोध का माहौल बनाया गया।
मिलिट्री नियमों का दिया हवाला
विधायक राजेश सोनकर ने कहा कि सज्जन सिंह वर्मा पूर्व में प्रदेश के सर्वोच्च पदों पर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें यह जानकारी होनी चाहिए कि शहीद का दर्जा देने और सैन्य नियमों के तहत मिलने वाली सहायता का निर्धारण संबंधित सैन्य नियमों एवं प्रशासनिक प्रक्रिया के अनुसार होता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार और सैन्य प्रशासन की भूमिका होती है।
सोनकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वीरगति को प्राप्त हुए जवान की अंतिम विदाई के समय जिस तरह की राजनीति की गई, वह उचित नहीं है।
वीरगति को प्राप्त हुए पवन यादव की अंतिम विदाई से शुरू हुआ विवाद अब सियासी आरोप-प्रत्यारोप में बदलता नजर आ रहा है। एक ओर जवान के परिवार की मांगों और सम्मान का सवाल है, तो दूसरी ओर विधायक राजेश सोनकर ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कांग्रेस की राजनीतिक मंशा होने का आरोप लगाया है। अब इस मामले में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnewsupdate