अनूपपुर में चार हाथियों की सक्रियता, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
अनूपपुर। जिले के वन क्षेत्रों में इन दिनों चार हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। ये हाथी दो अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहे हैं, जिसके चलते वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, तीन हाथियों का दल सोनमौहरी, सेंदुरी और पिंचिंगटोला क्षेत्र से गुजरते हुए खिरना नदी पार कर सेंदुरी मुक्तिधाम के आसपास पहुंच गया है। वहीं, एक बड़ा नर हाथी अपने समूह से अलग होकर पगना, दुधमनिया, गोबरी और शक्तिकुंडी के जंगलों में घूम रहा है। वन विभाग के अनुसार देर रात तक उसके पगना के जल्दाटोला और बेलिया रोड क्षेत्र की ओर बढ़ने की संभावना है।
हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की गश्ती टीम, सुरक्षा कर्मी और स्थानीय ग्रामीण लगातार निगरानी कर रहे हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों के पास जाने या उन्हें उकसाने का प्रयास न करें, रात के समय अनावश्यक रूप से जंगल या आसपास के क्षेत्रों में न जाएं और हाथियों की किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।