कांटी विधायक अजीत कुमार ने एनटीपीसी अधिकारियों के साथ की बैठक, लैगून वन क्षेत्र की सफाई के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार पर जोर
जनहित के मुद्दों पर की चर्चा, सीएसआर से विकास कार्य कराने की मांग
कांटी। कांटी विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने बुधवार को एनटीपीसी कांटी के आईबी में अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में कांटी-कोठियां क्षेत्र के लैगून वन क्षेत्र की विशेष सफाई, स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा एनटीपीसी के सीएसआर मद से विकास कार्य कराने पर विशेष जोर दिया गया।
विधायक ने लैगून वन क्षेत्र में जंगल-झाड़ियों के कारण स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में साफ-सफाई एवं बेहतर वातावरण के लिए नियमित रूप से आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
विधायक अजीत कुमार ने एनटीपीसी के परियोजना प्रमुख पंकज गुप्ता से स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए और रोजगार के अवसरों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
बैठक के दौरान कांटी-कोठियां में छठ घाट के निर्माण को लेकर भी विशेष पहल करने की मांग की गई। विधायक ने कहा कि छठ पर्व से पहले घाट का निर्माण पूरा हो जाए, ताकि छठव्रती नवनिर्मित घाट पर सुविधापूर्वक पूजा-अर्चना कर सकें।
उन्होंने एनटीपीसी अधिकारियों से सीएसआर मद से क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार सड़क, नाली, साफ-सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य कराने पर जोर दिया। विधायक ने अधिकारियों से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की बात कही।