रोहतास में एफसीआई ट्रक ने पुलिस बस को मारी टक्कर, 12 जवान घायल
रोहतास जिले में मंगलवार को दोपहर आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर सिकठी गांव के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चावल लदे एफसीआई ट्रक ने बिहार पुलिस के जवानों को लेकर जा रही बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें 9 महिला और 3 पुरुष जवान शामिल हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल नोखा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घायलों में शंकर हांसदा, उमेश पासवान, सविता कुमारी, सुजाता देवी, पूजा कुमारी, अमृता कुमारी, लाडली कुमारी, अन्नपूर्णा कुमारी, फुला कुमारी, नंदनी कुमारी, प्रियंका कुमारी, सलोनी कुमारी, रिंकू कुमारी और कृष्ण मुरारी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस की एक कंपनी बेगूसराय से डेहरी मुख्यालय जा रही थी। इसी दौरान सिकठी गांव के समीप पीछे से आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे जवान अपनी सीटों से उछल गए और कई जवान घायल हो गए। घायल महिला जवान नंदनी कुमारी की स्थिति गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल रेफर किया गया। हादसे की सूचना पर एसडीएम प्रभात कुमार, बीडीओ शेफाली, सीओ मधुसूदन चौरसिया, थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।