उप संचालक डॉ.पक्षवार ने किया कामधेनु गौशाला कपूरखेड़ा का निरीक्षण
=======================================================
उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ.एच.जी.एस.पक्षवार द्वारा आज जिले के विकासखंड बिछुआ स्थित कामधेनु गौशाला कपूरखेड़ा का निरीक्षण किया गया। गौशाला का संचालन अटल सर्व कल्याण गौ-समिति द्वारा किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में 108 गौवंश उपलब्ध पाए गए। इनमें 3 गाय गर्मी में पाई गईं, जिनके कृत्रिम गर्भाधान के लिए संबंधित पशु चिकित्सक को आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण में सभी गौवंश स्वस्थ पाए गए।
उप संचालक डॉ.पक्षवार ने गौशाला की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। गौशाला के भूसा गोदाम में पर्याप्त भूसा उपलब्ध पाया गया तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त भूसा भंडारण के लिए संचालक को निर्देश दिए गए। गौवंश के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था के साथ आरओ सिस्टम भी स्थापित पाया गया। गौशाला में चॉफ कटर एवं काउ लिफ्टर जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं निराश्रित गौवंश को गौशाला तक लाने के लिए ऑटो की व्यवस्था भी की गई है। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि गौशाला को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में गौकाष्ट का निर्माण किया जा रहा है। उपसंचालक डॉ.पक्षवार ने इस पहल की सराहना करते हुए अन्य गौ-उत्पादों के निर्माण की भी सलाह दी। गौशाला में पर्याप्त मात्रा में गोबर खाद उपलब्ध पाई गई। उपसंचालक डॉ.पक्षवार ने चारागाह भूमि पर चरी चारा लगाने के निर्देश दिए तथा गौशाला परिसर में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। निरीक्षण के दौरान गौशाला कार्यकर्ता श्री भोंदूलाल उपस्थित थे।