पीजी कॉलेज के डॉ. पी.एन. सनेसर को भारत निर्वाचन आयोग ने किया सम्मानित
========================================================
जिले के लिए हर्ष और गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा के प्रोफेसर एवं भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर तथा कोर एक्सपर्ट डॉ.पी.एन.सनेसर को गत दिवस नई दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार द्वारा सम्मानित किया गया।
डॉ.सनेसर को यह सम्मान भारत निर्वाचन आयोग के इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट के स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान कोर एक्सपर्ट के रूप में भारत में आयोजित होने वाले चुनावों के लिए अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिये प्रशिक्षण सामग्री तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया।
इस अवसर पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी, आईआईआईडीईएम के डायरेक्टर जनरल राकेश कुमार वर्मा, डायरेक्टर मीडिया, डायरेक्टर ट्रेनिंग तथा डीन आईआईआईडीईएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
डॉ.सनेसर की इस उपलब्धि पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी छिंदवाड़ा श्री हरेंद्र नारायन सहित जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने बधाई दी। वहीं उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश श्री राजेश यादव, पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा के जनभागीदारी अध्यक्ष श्री भारत घई, सदस्य श्री राकेश पहाड़े, श्री तरुण सोनी, श्री अरुण गदरे, श्री कृपाशंकर सूर्यवंशी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.लक्ष्मीचंद, महाविद्यालय स्टाफ, जिले के मास्टर ट्रेनर्स एवं परिजनों ने भी उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की हैं।
11 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jun 18, 2026