✅ हरदा में दो दिवसीय रेम्प कॉम्पोजिट कार्यशाला का आयोजन
✅ उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स को दी गईं शासन की योजनाओं की जानकारी
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की रेम्प योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम राज्य नोडल एजेंसी एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, हरदा के संयुक्त तत्वावधान में होटल सयाजी, हरदा में दो दिवसीय कॉम्पोजिट कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला के प्रथम दिवस उद्यमियों, स्टार्टअप्स एवं आकांक्षी युवाओं को केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं तथा एमएसएमई क्षेत्र के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के उद्यमियों एवं नवोदित स्टार्टअप्स को शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना, वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना, व्यवसाय के औपचारिकीकरण, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, बौद्धिक संपदा अधिकारों की सुरक्षा तथा उद्यमों के सतत विकास के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी,ज़िला पंचायत श्री नरोत्तम भार्गव उपस्थित रहे। साथ ही लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री अभय जैन, उद्योग संघ हरदा के कोषाध्यक्ष श्री राजेश अग्रवाल, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक सुश्री नेहा चौहान, प्रबंधक श्री राधारमण जवरा एवं सहायक प्रबंधक सुश्री ऋचा चक्रधर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यशाला के प्रथम दिवस प्रतिभागियों को रेम्प योजना के विभिन्न घटकों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त जेड (जीरो डिफेक्ट जीरो इफेक्ट), आईपीआर (इन्टेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स), जीआई (जिओग्राफिकल इंडिकेशन), वित्तीय प्रबंधन तथा जेम पोर्टल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रेम्प कंसल्टेंट श्री रविश कुमार द्वारा रेम्प योजना के उद्देश्यों, प्रमुख घटकों एवं एमएसएमई इकाइयों को मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी के साथ की गई। इसके पश्चात डॉ. अजय चौबे द्वारा बौद्धिक संपदा अधिकार विषय पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने उद्यमों से संबंधित समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को साझा किया, जिनका विशेषज्ञ द्वारा समाधान एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इसी क्रम में श्री आनंद रैकवार द्वारा जेम पोर्टल पर पंजीयन, ऑनबोर्डिंग तथा उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों एवं सेवाओं को सरकारी खरीद प्रक्रिया के माध्यम से बाजार तक पहुंचाने के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। वहीं श्री नीतेश किरार ने वित्तीय प्रबंधन, व्यवसाय में वित्तीय अनुशासन एवं प्रभावी वित्तीय नियोजन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी प्रदान की।
कार्यशाला के द्वितीय दिवस 19 नवंबर 2026, को महिला उद्यमिता और स्टार्टअप को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। इसमें स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उद्यम पंजीयन, व्यवसाय स्थापना एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही मध्यप्रदेश स्टार्टअप नीति एवं एमएसएमई प्रोत्साहन योजना जेड सर्टिफिकेशन के विभिन्न प्रावधानों और लाभों पर भी विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। इस दो दिवसीय कार्यशाला के माध्यम से जिले के मौजूदा एवं नवोदित उद्यमियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने, उनकी व्यावसायिक क्षमताओं का विकास करने तथा हरदा जिले में उद्यमिता एवं एमएसएमई क्षेत्र को प्रोत्साहित करने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of MSME, Madhya Pradesh
#MSME #RAMP #StartupMP
#Harda #हरदा
7 views | Harda, Madhya Pradesh | Nov 18, 2026