112 वाहन चालक पर 5 हजार रुपये लेने का आरोप, पैसे मांगने पर दी गाली-गलौज और धमकी!
मऊगंज थाने में पदस्थ 112 वाहन चालक के खिलाफ एसपी से शिकायत, फरियादी ने लगाए गंभीर आरोप!
मऊगंज। पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 में पदस्थ एक वाहन चालक पर 5 हजार रुपये लेने और वापस मांगने पर गाली-गलौज एवं धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर फरियादी भूपेंद्र कुमार चतुर्वेदी निवासी बेहरहा कला, थाना लौर ने पुलिस अधीक्षक मऊगंज को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, फरियादी के रिश्तेदार शीतला प्रसाद द्विवेदी के खिलाफ मऊगंज थाने में मामला दर्ज होने के बाद प्रवेश चतुर्वेदी उर्फ रोहित, जो कथित तौर पर मऊगंज थाने के 112 वाहन का चालक है, ने 3 अक्टूबर 2026 को मामला खत्म कराने का आश्वासन देकर 5 हजार रुपये लिए थे।
फरियादी का आरोप है कि 10 अक्टूबर को पैसे वापस मांगने पर 10 दिन के भीतर लौटाने का भरोसा दिया गया, लेकिन 27 अक्टूबर को दोबारा रुपये मांगने पर आरोपी ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, कथित तौर पर अश्लील गालियां देते हुए 112 वाहन उसके ऊपर चढ़ा देने की धमकी भी दी गई।
फरियादी ने पुलिस अधीक्षक से 5 हजार रुपये वापस दिलाने तथा गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल यह है कि यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही हैं, तो पुलिस की आपातकालीन सेवा से जुड़े व्यक्ति द्वारा इस तरह का कथित आचरण कितना गंभीर है? मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आ सकेगी।