जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा फुल्लीडुमर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में कई प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी यथा राजस्व अधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा आदि अनुपस्थित पाए गए, इसपर जिला पदाधिकारी ने खेद व्यक्त किया ,साथ ही अनुपस्थित पदाधिकारियों के एक दिन वेतन अवरूध्द कड़ते हुए सभी से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया । संचिकाओं एवं अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाया गया, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित एक आवेदक से बातचीत में यह जानकारी मिली कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों का समयबद्ध निष्पादन नहीं हो रहा है। इस पर जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी एवं संबंधित थाना अध्यक्ष को नियमित रूप से संयुक्त जांच कर भूमि विवादों का शीघ्र एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर पूरी जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में अनुशासनहीनता, लापरवाही तथा आम जनता के कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा तथा दोषी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा आरटीपीएस काउंटर का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्राप्त आवेदनों, उनके निष्पादन की स्थिति तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की। जिला पदाधिकारी ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी आरटीपीएस आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण के पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फुल्लीडुमर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न वार्डों एवं स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने सर्वप्रथम लेबर रूम एवं ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत एनसीडी (NCD) क्लीनिक का निरीक्षण किया गया, जहां आने वाले मरीजों के वजन, ऊंचाई, रक्तचाप एवं अन्य स्वास्थ्य जांच संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने वहां उपस्थित मरीजों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान नेत्र ओपीडी, सामान्य ओपीडी, स्क्रीनिंग कक्ष, आकस्मिक (इमरजेंसी) विभाग, एक्स-रे कक्ष, यूएसजी कक्ष एवं प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी ने विभिन्न विभागों में उपलब्ध सुविधाओं, उपकरणों एवं सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
यूएसजी कक्ष के निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध होने के बावजूद तकनीकी कारणों से सेवा संचालित नहीं हो रही है। इस संबंध में जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रयोगशाला एवं अन्य विभागों के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं को और सुदृढ़ करने, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्था में निरंतर सुधार लाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में जिला पदाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता, समयबद्ध सेवा एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
#जिला_प्रशासन_बांका
#DistrictAdministrationBanka
#बांका
#जिला_पदाधिकारी_बांका
#अनुश्रवण_निरीक्षण
#सुशासन
#जनसेवा
#RTPS
#फुल्लीडुमर
#सामुदायिक_स्वास्थ्य_केंद्र
#स्वास्थ्य_सेवाएं
#GoodGovernance
#PublicService
#Healthcare
#Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Health Department
Banka, Bihar | Jun 27, 2026