जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा आज प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, बेलहर औचक निरीक्षण किया गया। प्रखंड सह अंचल कार्यालय बेलहर निरीक्षण के दौरान कार्यालयों की कार्यप्रणाली, पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेखों के संधारण तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की गई।
बेलहर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अवकाश पर पाए गए। वहीं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी अनुपस्थित मिले। इस पर जिला पदाधिकारी ने अनुपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों का एक दिन का वेतन अवरुद्ध करते हुए उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान रोकड़ पंजी का भी अवलोकन किया गया। पाया गया कि रोकड़ पंजी अद्यतन संधारित नहीं थी तथा इसका नियमित अनुश्रवण भी प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा नहीं किया जा रहा था। इस पर जिला पदाधिकारी ने खेद व्यक्त करते हुए रोकड़ पंजी की जांच वरीय कोषागार पदाधिकारी से कराने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान केवल आवास सहायक श्री रविंद्र कुमार मंडल उपस्थित पाए गए, जबकि अन्य आवास सहायक अनुपस्थित थे। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने एक अनुपस्थित आवास सहायक से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क किया, जिन्होंने अस्वस्थ होने की जानकारी दी। प्रखंड कार्यालय की समग्र कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित सभी कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त होने तक एक दिन का वेतन अवरुद्ध रखने का निर्देश दिया।
प्रखंड सह अंचल कार्यालय के निरीक्षण के पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बेलहर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्था, दवा उपलब्धता, प्रयोगशाला, ओपीडी, प्रसवोत्तर कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी पंजीकरण काउंटर पर 53 मरीजों का पंजीकरण पाया गया। जिला पदाधिकारी ने ओपीडी प्रतीक्षालय का निरीक्षण कर गर्मी को देखते हुए कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बाह्य रोगी कक्ष में निरीक्षण के समय तक 49 मरीजों का उपचार किया जा चुका था।
डेंटल ओपीडी के निरीक्षण के दौरान दंत चिकित्सक डॉ. सुधीर मधुकर बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिए गए।
दवा वितरण कक्ष में सभी आवश्यक दवाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं प्रयोगशाला में एलएफटी, केएफटी सहित अन्य आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, प्रसवोत्तर कक्ष में मरीजों की सुविधा के लिए कूलर लगाने तथा मॉडर्न आरआई कक्ष का निरीक्षण करते हुए टीकाकरण व्यवस्था की भी समीक्षा की।
उपस्थिति पंजी के अनुसार प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक श्री भारत भूषण चौधरी अनुपस्थित पाए गए। साथ ही अस्पताल में सी-सेक्शन सेवा प्रारंभ करने हेतु ब्लड बैंक की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्युत आपूर्ति की क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
निरीक्षण के दौरान ऑर्थोपेडिक चिकित्सक की अनुपलब्धता के कारण मरीजों को होने वाली कठिनाइयों पर भी जिला पदाधिकारी ने चिंता व्यक्त की तथा शीघ्र ऑर्थोपेडिक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने एवं चिकित्सा कर्मियों को प्लास्टर लगाने का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
#जिला_प्रशासन_बांका
#DistrictAdministrationBanka
#बांका
#जिला_पदाधिकारी_बांका
#अनुश्रवण_निरीक्षण
#सुशासन
#जनसेवा
#RTPS
#फुल्लीडुमर
#सामुदायिक_स्वास्थ्य_केंद्र
#स्वास्थ्य_सेवाएं
#GoodGovernance
#PublicService
#Healthcare
#Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Health Department
Banka, Bihar | Jun 27, 2026