एटीएम में कार्ड फंसने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, नवादा के दो युवक गिरफ्तार
धनबाद पुलिस की कार्रवाई; पिन देखकर कार्ड हासिल करने और खाते से रुपये निकालने का आरोप, ज्वेलर्स व बाटा दुकान में भी की खरीदारी
धनबाद/नवादा. एटीएम में कार्ड फंसने पर मदद करने का झांसा देकर लोगों के बैंक खातों से रुपये उड़ाने वाले गिरोह का धनबाद पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में बिहार के नवादा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के लखमोहना गांव निवासी नीतीश कुमार (26) और नवादा नगर थाना क्षेत्र के न्यू एरिया निवासी सौरभ कुमार (24) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों पर एटीएम कार्डधारकों का गोपनीय पिन देखकर कार्ड हासिल करने और फिर उससे नकदी निकालने तथा दुकानों में खरीदारी करने का आरोप है.
Nawada, Nawada | Oct 30, 2026