गंगा स्नान के दौरान वीडियो बनाने में दो महिलाएं डूबीं, नाविकों ने बचाई जान
बलिया थाना क्षेत्र के लखमीनियां-मसूदनपुर पथ स्थित चेचियाही ढाब में शनिवार को गंगा स्नान के दौरान मोबाइल से वीडियो बना रही दो महिलाएं गहरे पानी में चली गईं। राहगीरों एवं नाविकों के सहयोग से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।
जानकारी के अनुसार, तीन महिलाएं अपने-अपने परिवार के साथ ई-रिक्शा से चेचियाही ढाब गंगा स्नान करने पहुंची थीं। स्नान के दौरान दो महिलाएं सड़क किनारे खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसल जाने से दोनों गंगा की गहरी धारा में चली गईं। महिलाओं को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
सड़क से गुजर रहे राहगीरों एवं भाजपा नेता कुमार गौरव सिंह ने पानी में कूदकर महिलाओं को बचाने का प्रयास किया। इसी बीच मसूदनपुर की ओर से आ रही नाव को आवाज देकर बुलाया गया। नाविक तत्काल नाव लेकर घटनास्थल पर पहुंचा और दोनों महिलाओं को नाव की मदद से बाहर निकाला गया।
बाहर निकाले जाने के बाद दोनों महिलाएं बेहोश थीं। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए। डूबने वाली महिलाओं की पहचान भगतपुर पंचायत के परवलटोल निवासी उपेंद्र पासवान एवं जोगेंद्र पासवान की विवाहित पुत्रियों के रूप में बताई गई है। परिजनों ने बताया कि दोनों महिलाएं रक्षाबंधन के अवसर पर मायके राखी बांधने आई थीं और शनिवार की सुबह परिवार के साथ चेचियाही ढाब में गंगा स्नान करने गई थीं।
#हादसा #breakingnews