अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर नशामुक्ति संगोष्ठी आयोजित
महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का सामूहिक संकल्प
अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, म.प्र. शासन) की सहयोगी नवांकुर संस्था मुरैना यूथ अकादमी द्वारा ग्राम पंचायत अजनोधा में एक दिवसीय वृहद नशामुक्ति अभियान एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुरैना विकासखंड समन्वयक श्री अनिल मोदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि श्री संदीप सेंगर, अजनोधा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र राजौरिया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती भूरी शर्मा, आशा कार्यकर्ता श्रीमती सीमा राजौरिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए श्री संदीप सेंगर ने कहा कि नशे की प्रवृत्ति अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से फैल रही है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने के साथ-साथ परिवार की खुशहाली, सामाजिक समरसता और आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, आत्मनिर्भर और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अजनोधा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष श्री वी।रेंद्र राजौरिया ने कहा कि किसी भी गांव के समग्र विकास की आधारशिला स्वस्थ और जागरूक युवा शक्ति होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समिति भविष्य में भी मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सहयोग से जनजागरूकता एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण महिलाओं, बुजुर्गों एवं स्कूली बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी ग्रामीणों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं तंबाकू, शराब, सिगरेट एवं अन्य किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे तथा यदि उनके परिवार या आसपास का कोई व्यक्ति नशे की लत से ग्रसित होगा, तो उसे समझाइश देकर तथा चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने ग्राम अजनोधा को पूर्णतः व्यसनमुक्त एवं आदर्श ग्राम बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh