प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय, जमुई
09 अक्टूबर 2026
शीर्षक: 'सबका सम्मान-जीवन आसान' योजना के तहत जिला जनता दरबार आयोजित, जिलाधिकारी ने 34 आवेदकों की सुनीं समस्याएं, त्वरित निष्पादन के निर्देश।
जमुई: 'सबका सम्मान-जीवन आसान' योजना के अंतर्गत समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 34 आवेदकों की व्यक्तिगत रूप से समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं नियमानुसार समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य रूप से राजस्व एवं भूमि सुधार, भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शिक्षा, वासगीत पर्चा, विकास मित्र बहाली, सिविल सर्जन कार्यालय तथा भू-अर्जन कार्यालय से संबंधित मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा प्राप्त आवेदनों को जांच और अग्रतर कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को हस्तगत कराया।
मामलों के निष्पादन पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया ताकि आवेदनों की अद्यतन स्थिति की निगरानी की जा सके और आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
इस अवसर पर जिला जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी मो. नजरुल हक सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
113 views | Jamui, Bihar | Oct 9, 2026