ट्रैन से 200 से ज्यादा अनधिकृत पानी की बोतलें जब्त, पंजाब मेल की पेंट्रीकार में बड़ा खुलासा,
ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को विशेष जांच अभियान में रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट ग्वालियर श्री अतुल यादव के निर्देशन में प्लेटफार्म क्रमांक 1 से 4 तक चले अभियान के दौरान ट्रेन नंबर 12138 पंजाब मेल की पेंट्रीकार से 200 से अधिक अनधिकृत पानी की बोतलें जब्त की गईं।
जांच के दौरान पेंट्रीकार में 17 कैरेट में ऐसी पानी की बोतलें मिलीं, जिन पर निर्माता का आवश्यक विवरण और अनिवार्य लेबलिंग दर्ज नहीं थी। सभी बोतलों को जब्त कर पेंट्रीकार से उतरवाया गया और संबंधित प्रबंधक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
🍫 स्टॉल-कैंटीनों से खाद्य पदार्थों के सैंपल भोपाल भेजे
रेलवे स्टेशन के विभिन्न स्टॉल एवं कैंटीनों की भी जांच की गई। बिना आवश्यक दस्तावेजों के खाद्य सामग्री बेचने वाले अनधिकृत विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई। चॉकलेट, सैंडविच, बिस्किट, चोको डिलाइट स्लाइस केक और मैंगो ड्रिंक के नमूने लेकर परीक्षण के लिए भोपाल स्थित राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
⚠️ बिना टिकट, गंदगी और रेल लाइन पार करने वालों पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने, रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने तथा अनधिकृत रूप से रेल लाइन पार करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार अर्थदंड की कार्रवाई की गई।
विशेष रेलवे मजिस्ट्रेट श्री अतुल यादव ने कहा कि यात्रियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी झांसी व आगरा डिवीजन श्री जनक सिंह, सीएचआई श्री जे.एस. चौहान एवं श्री तेजपाल, कैटरिंग इंस्पेक्टर श्री सुशील कुमार एवं श्री जायसवाल, सीटीआई श्री राजीव शर्मा सहित टीटीई स्टाफ, आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।