48 घंटे में गृहभेदन कांड का सफल उद्भेदन, दो आरोपी गिरफ्तार,
शिवहर। फतेहपुर थाना क्षेत्र में 17 अगस्त की रात हुई गृहभेदन की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे में सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का सामान और नकदी भी बरामद की है।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के राकेश कुमार के घर से अज्ञात चोरों ने लैपटॉप, ऑप्टिकल फिंगर स्कैनर, दुकान की चाबी, सिम कार्ड और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। इस संबंध में 19 अगस्त को फतेहपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, शिवहर के निर्देश पर SIT का गठन किया गया। साथ ही वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए FSL और DIU की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस टीम ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त मिंटू कुमार उर्फ गोल्ड कुमार और मन्नू कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों फतेहपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक लैपटॉप, एक ऑप्टिकल फिंगर स्कैनर, चाबी का गुच्छा, दो सिम कार्ड, 40,900 रुपये नकद, एक काले रंग का बैग और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मामले में विधि-सम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है तथा गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी है।