कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश
प्राप्त शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें अधिकारी-कलेक्टर श्री चंद्रा
नीमच, 11 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री Himanshu Chandra ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा समीक्षा बैठक में शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों, सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने कहा कि सभी विभाग प्रमुख लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने 50 दिवस से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल पोर्टल पर दर्ज करने तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदक की संतुष्टि के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक रूप से शिकायत लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में जनसुनवाई एवं मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रकरणों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के साथ ही अधिक अवधि से लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर ने विभागवार राज्य स्तरीय सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग में स्वास्थ्य विभाग की 44वीं रैंक पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने 10 से नीचे रैंक वाले विभागों के विभागप्रमुखों को शिकायतों के निराकरण एवं विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार के लिए व्यक्तिगत रूप से समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिला अस्पताल की 100 एवं 300 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर सिविल सर्जन को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चंद्रा ने राजस्व प्रकरणों, विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों तथा शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में अन्य विभागों से समन्वय आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्रवाई पूर्ण करें तथा प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें।
बैठक में पर्यटन विभाग की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिले में पर्यटन विकास एवं चीता प्रोजेक्ट के प्रचार-प्रसार को बढ़ाने तथा जिले में पर्यटन की संभावनाओं को चिन्हित कर पर्यटन विकास पर आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने अधीनस्थ स्थायी एवं गैर-स्थायी कर्मचारियों का वेतन प्रत्येक माह की 1 तारीख तक भुगतान होना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम जावद श्री संजीव साहू, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे,श्रीमती मयूरी जोक, सुश्री श्रुति भयड़िया सहित जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#TL
#Neemuch
#नीमच
Neemuch, Madhya Pradesh | Aug 11, 2026