योगी बोले- अखिलेश की बेटी पर गलत टिप्पणी बर्दाश्त नहीं: बेटी, बेटी होती है...सपा प्रमुख अपने चेलों को समझाएं, वरना हमारे हवाले कर दें
सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति पर आपत्तिजनक टिप्पणी पर पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आजमगढ़ में शनिवार को कहा-बेटी, बेटी होती है और उसका सम्मान होना चाहिए। मैं पिछले दिनों देख रहा था कि सपा प्रमुख की बेटी के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणी की थी। मैंने तत्काल पुलिस से कहा कि FIR दर्ज करो। बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा-
" हम तो उस संस्कार में पले-बढ़े हैं, जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी होती है, गांव की बहन सबकी बहन होती है। हमने कोई भेदभाव नहीं किया। अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हो, तो अपने चेलों-चपाटों को भी उपदेश दे दो कि अपनी भाषा पर थोड़ा संयम रखें। टिप्पणी करने से पहले खुद भी सोच लिया करें।
وو
योगी ने कहा- सपा के लोग बहनों, दिवंगत लोगों, वरिष्ठ नेताओं, बेटियों और बुजुर्गों के प्रति किस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल करते हैं। अखिलेश जी उन्हें समझाइए। अगर नहीं समझते हैं, तो हमारे हवाले कर दीजिए, हम उन्हें समझा देंगे।
सीएम योगी ने आजमगढ़ में 955 करोड़ की 39 विकास परियोजनाओं का लोकापर्ण और शिलान्यास भी किया। मंच पर मंत्री राजभर भी मौजूद रहे।
अदिति यादव (23) को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में गुरुवार को कानपुर-प्रतापगढ़ में FIR दर्ज हुई। कानपुर में अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव की शिकायत पर भरत पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद यादव के खिलाफ केस दर्ज हुआ।
इसके अलावा प्रतापगढ़ में सपा के महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी की तहरीर पर शीतला सुजान कवि नाम की आईडी पर मुकदमा दर्ज हुआ। चारों पर आरोप है कि इन लोगों ने सोशल मीडिया पर अदिति के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की। इससे समाज में अखिलेश यादव और उनके परिवार की छवि धूमिल हुई। इसलिए इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।